केंद्र के तीन बड़े फैसलों से बदलेगी विकास की तस्वीर, छत्तीसगढ़ में निवेश और रोजगार को मिलेगा नया बल: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0

 

केंद्र के तीन बड़े फैसलों से बदलेगी विकास की तस्वीर, छत्तीसगढ़ में निवेश और रोजगार को मिलेगा नया बल: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय



रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए तीन महत्वपूर्ण निर्णयों का स्वागत करते हुए कहा है कि ये फैसले केवल देश की अर्थव्यवस्था को ही नई दिशा नहीं देंगे, बल्कि छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और कृषि विकास को भी नई गति प्रदान करेंगे। उन्होंने इन ऐतिहासिक निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेमिकॉन 2.0, राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 (NIPU-2026) और मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना (MPMS) भारत को आत्मनिर्भर, तकनीकी रूप से सशक्त और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। इन योजनाओं का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिलेगा, जहां निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर तेजी से विकसित होंगे।

उन्होंने कहा कि 1.27 लाख करोड़ रुपये की सेमिकॉन 2.0 योजना देश में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के लिए मजबूत आधार तैयार करेगी। इससे भारत वैश्विक सप्लाई चेन में अपनी भागीदारी और प्रभाव बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नई औद्योगिक नीति, बेहतर अधोसंरचना और निवेश-अनुकूल माहौल के चलते छत्तीसगढ़ भी हाईटेक उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। इसके लागू होने से देश में यूरिया की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे किसानों को समय पर खाद मिल सकेगी। इसका सीधा फायदा छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों को मिलेगा और कृषि उत्पादन को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि 62,500 करोड़ रुपये की मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना (MPMS) भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात के वैश्विक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय विनिर्माण, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और नई तकनीक आधारित उद्योगों के विस्तार से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए जा रहे दूरदर्शी निर्णय विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के साथ-साथ विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को भी नई ऊर्जा देंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन योजनाओं से राज्य की अर्थव्यवस्था, उद्योग, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !