'पुलिस जज्बा अवार्ड-2026' में धमतरी पुलिस का शानदार प्रदर्शन, चार अधिकारी-कर्मचारी राज्य स्तर पर सम्मानित
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डीजीपी अरुण देव गौतम ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
उत्तम साहू
धमतरी/रायपुर, 29 जुलाई 2026। रायपुर में आयोजित प्रतिष्ठित 'पत्रिका पुलिस जज्बा अवार्ड-2026' समारोह में धमतरी पुलिस ने उत्कृष्ट कार्यों के दम पर राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई। जिले के चार अधिकारी-कर्मचारियों को अनुशासन, यातायात प्रबंधन, अनुसंधान और साइबर अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने चयनित अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया। प्रदेशभर से चयनित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच धमतरी पुलिस की यह उपलब्धि जिले के लिए गौरव का विषय रही।
इन अधिकारियों को मिला राज्य स्तरीय सम्मान
अनुशासन श्रेणी (प्रथम स्थान) में रक्षित केंद्र धमतरी के सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को सेवाकाल के दौरान अनुशासन, निष्ठा और समयबद्ध कार्यशैली के साथ 218 बार पुरस्कृत होने की उपलब्धि पर सम्मानित किया गया।
ट्रैफिक मैनेजमेंट श्रेणी (प्रथम स्थान) में उप निरीक्षक खेमराज साहू को वीआईपी ड्यूटी, धार्मिक आयोजनों और बड़े कार्यक्रमों के दौरान उत्कृष्ट यातायात व्यवस्था, 21,417 चालानी कार्रवाइयों तथा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने जैसे सराहनीय कार्यों के लिए प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
इन्वेस्टिगेशन (अनुसंधान) श्रेणी (द्वितीय स्थान) में सहायक उप निरीक्षक राधेश्याम बंजारे को गंभीर आपराधिक मामलों की प्रभावी विवेचना कर आरोपियों को कठोर सजा दिलाने और उत्कृष्ट अनुसंधान कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
साइबर क्राइम श्रेणी (तृतीय स्थान) में आरक्षक कमल जोशी को साइबर अपराधों की तकनीकी जांच, डिजिटल साक्ष्य संकलन और साइबर अपराधियों तक पहुंच बनाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तर पर सम्मान मिला।
एसपी भावना पाण्डेय ने दी बधाई
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर सभी सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे धमतरी पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को और अधिक समर्पण, ईमानदारी तथा जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि धमतरी पुलिस भविष्य में भी अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, महिला सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए नई उपलब्धियां हासिल करती रहेगी।



