कलेक्टर की पहल रंग लाई, निरई माता आराध्य केंद्र अब सोलर हाई मास्ट लाइट से जगमगाया
श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा, हरित ऊर्जा को भी मिलेगा बढ़ावा
धमतरी, 28 जुलाई 2026। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास की दिशा में जिला प्रशासन की पहल लगातार साकार हो रही है। ग्राम पंचायत मोहेरा अंतर्गत स्थित निरई माता आराध्य केंद्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सोलर हाई मास्ट लाइट का स्थापना कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। अब मंदिर परिसर रात्रिकाल में भी पूरी तरह प्रकाशमान रहेगा, जिससे दर्शनार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने पूर्व में निरई माता आराध्य केंद्र का निरीक्षण कर मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। उनके मार्गदर्शन में तैयार कार्ययोजना के तहत सोलर हाई मास्ट लाइट की स्थापना को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया।
सौर ऊर्जा आधारित इस हाई मास्ट लाइट से मंदिर परिसर में रात के समय पर्याप्त रोशनी उपलब्ध रहेगी। इससे धार्मिक आयोजन, पूजा-अर्चना और विशेष अवसरों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलने के साथ बिजली की बचत भी सुनिश्चित होगी।
इस कार्य के पूर्ण होने पर स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने खुशी व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन का आभार जताया। उनका कहना है कि मंदिर परिसर में लंबे समय से बेहतर प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है।
जिला प्रशासन का लक्ष्य जिले के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन महत्व के स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार करना है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं मिलें और ऐसे स्थल स्थानीय पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित हो सकें। निरई माता आराध्य केंद्र में सोलर हाई मास्ट लाइट की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

