गुरु पूर्णिमा पर भाजपा गंगरेल मंडल का 'समरसता संकल्प अभियान' शुरू, 650 दीपों से जगमगाया रुद्रेश्वर महादेव मंदिर
संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में हुआ शुभारंभ, सात माह तक चलेंगे समरसता और सेवा के कार्यक्रम
उत्तम साहू
धमतरी/रुद्री, 29 जुलाई 2026। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी गंगरेल मंडल ने संत शिरोमणि संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में "समरसता संकल्प अभियान" का शुभारंभ किया। ग्राम रुद्री स्थित श्री रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्वास्तिक की आकृति में 650 दीप प्रज्वलित कर सामाजिक समरसता, सद्भाव और राष्ट्र की खुशहाली का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा गंगरेल मंडल अध्यक्ष श्रीमती मोनिका देवांगन के नेतृत्व में हुआ। भारतीय संस्कृति में स्वास्तिक को मंगल, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक मानते हुए दीप प्रज्वलन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने संत गुरु रविदास जी के समता, सामाजिक समरसता, मानव सेवा और राष्ट्रभक्ति के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
मंडल अध्यक्ष मोनिका देवांगन ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समानता, भाईचारे और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी समाज को एकता और राष्ट्रहित के मार्ग पर आगे बढ़ने की सीख देते हैं। उन्होंने बताया कि समरसता संकल्प अभियान अगले सात माह तक गंगरेल मंडल के विभिन्न गांवों में संचालित किया जाएगा। इस दौरान सेवा कार्य, जनसंपर्क, स्वच्छता अभियान, सामाजिक समरसता और जनजागरण जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का समापन माघ पूर्णिमा के अवसर पर संत गुरु रविदास जी के प्राकट्य दिवस पर भव्य रूप से किया जाएगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता ऋषभ देवांगन, जनपद अध्यक्ष अंगीरा ध्रुव, पद्मिनी साहू, अनीता यादव, मुकेश यादव, लक्ष्मी बया, प्रसून शुक्ला, रूपा देवांगन, सुलोचना देवांगन, कीर्तन साहू, तोमेश साहू, इकेश्वर सिन्हा, अनीता वर्मा, गोपाल साहू सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के उद्घोष के साथ राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और मानव सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

