नगरी नगर पंचायत को 2.76 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

0

 

नगरी नगर पंचायत को 2.76 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन



उत्तम साहू,नगरी। धमतरी जिले की नगरी नगर पंचायत को 2 करोड़ 76 लाख 13 हजार रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। प्रदेश के राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने चौपाटी परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

नगर पंचायत के सांस्कृतिक भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन सरकार जनकल्याण और समावेशी विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, उज्ज्वला योजना, महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा भूमिहीन कृषि मजदूर सहायता जैसी योजनाओं से लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। सरकार प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक जीवन, बेहतर सुविधाएं और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

युवाओं को संबोधित करते हुए श्री वर्मा ने कहा कि सकारात्मक सोच, अनुशासन, श्रेष्ठ संस्कार और निरंतर अध्ययन ही सफलता का मूल मंत्र हैं। अच्छी पुस्तकों का अध्ययन और महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेकर युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।



कार्यक्रम के दौरान उन्होंने चौपाटी परिसर में पौधरोपण करते हुए कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम तथा श्रीमती पिंकी ध्रुव ने भी नागरिकों को विकास कार्यों की बधाई देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं से नगरी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।

नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के मार्गदर्शन में नगर पंचायत में लगभग 10 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें आधुनिक लाइब्रेरी, बॉक्स क्रिकेट मैदान, सीसी सड़क, नाली, पुलिया सहित कई अधोसंरचनात्मक परियोजनाएं शामिल हैं, जो नगरी को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित नगर बनाने में महत्वपूर्ण साबित होंगी।



कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, पात्र परिवारों को राशन कार्ड तथा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।

इन कार्यों का हुआ लोकार्पण व भूमिपूजन

  • 17.02 लाख रुपये की लागत से चौपाटी दुकान सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण।
  • 41.10 लाख रुपये की लागत से निर्मित पानी टंकी का लोकार्पण।
  • 57.36 लाख रुपये की लागत से एमआरएफ एवं कम्पोस्ट प्लांट का भूमिपूजन।
  • 19.89 लाख रुपये की लागत से क्रिकेट बॉक्स का भूमिपूजन।
  • 27.07 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम विकास कार्य का भूमिपूजन।
  • 15वें वित्त आयोग के तहत 114.29 लाख रुपये की लागत के 16 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी यशवंत वर्मा, उप अभियंता प्रमेश कुमार ध्रुव, जनप्रतिनिधि, पार्षद, एल्डरमेन, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

इन विकास कार्यों के पूरा होने से नगरी नगर पंचायत में पेयजल, स्वच्छता, खेल सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और शहरी अधोसंरचना को नई मजबूती मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !