धमतरी में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: एमपी निर्मित 50 पाव अवैध शराब जब्त, चाय सेंटर संचालक गिरफ्तार
उत्तम साहू
धमतरी, 09 जुलाई 2026। धमतरी जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश निर्मित 50 पाव अवैध देशी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी रोहित देवांगन के मार्गदर्शन में आबकारी उप निरीक्षक निशांत साधु के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम भोथली निवासी वरुण कंवर (23 वर्ष) के चरमुड़ीया मार्ग स्थित चाय सेंटर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान चाय सेंटर से मध्य प्रदेश निर्मित 20 पाव देशी मसाला शराब और 30 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 50 पाव अवैध मदिरा बरामद की गई। जांच में शराब का अवैध रूप से विक्रय किया जाना पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 (अन्य प्रांत) एवं 59-क के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आबकारी विभाग ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक निशांत साधु, आशीष ध्रुव, अजय राज कश्यप, मुख्य आरक्षक मुरली सोनी, आबकारी आरक्षक श्रुति साहू, उमा लक्ष्मी, नीरज चंद्राकर, राजेश यादव तथा वाहन चालक मिलेश की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि अवैध मदिरा से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल आबकारी विभाग को देकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

