बाघ खाल तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई, रेंजर समेत तीन वनकर्मी निलंबित
बीजापुर। बहुचर्चित बाघ खाल तस्करी मामले में वन विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए पासेवाड़ा रेंज के रेंजर, डिप्टी रेंजर और एक बीट गार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की जांच अभी जारी है।
वन विभाग द्वारा गठित जांच समिति की जांच के दौरान संदिग्ध आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। अब तक इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर विभाग ने संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की है। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि 3 जुलाई को इंद्रावती टाइगर रिजर्व के पासेवाड़ा कोर एरिया में दो बाघों के शिकार का खुलासा हुआ था। प्रतिबंधित कोर क्षेत्र में शिकार की इस घटना ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

