कमार समाज की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
कमार समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा मांगपत्र, पारंपरिक बांस की टोकरी में दुर्लभ 'बोड़ा' भेंट कर किया सम्मान
उत्तम साहू,धमतरी, 09 जुलाई। जिले की विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समाज के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से सौजन्य मुलाकात कर समाज की मूलभूत सुविधाओं, शिक्षा, आवास, सड़क, आजीविका और सामाजिक अधोसंरचना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने इन समस्याओं के निराकरण के लिए मांगपत्र सौंपते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की मांग की।
मुलाकात के दौरान कमार समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का परिचय देते हुए समाज द्वारा निर्मित पारंपरिक बांस की टोकरी में वर्षा ऋतु में मिलने वाली दुर्लभ वन उपज 'बोड़ा' भेंट कर कलेक्टर का सम्मान किया। कलेक्टर ने कमार समाज की लोक संस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली और वन आधारित आजीविका की सराहना करते हुए इसे जिले की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
प्रतिनिधिमंडल ने नगरी स्थित कमार आवासीय विद्यालय में शीघ्र प्राचार्य की नियुक्ति, कमार सामाजिक भवन में शेड एवं आहाता निर्माण, विभिन्न कमार बसाहटों तक सर्व मौसम सड़क निर्माण तथा पात्र परिवारों को भूमि का पट्टा प्रदान करने की मांग रखी। इसके अलावा पारंपरिक बांस शिल्प को बढ़ावा देने के लिए बांस की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जनमन आवास योजना की लंबित राशि जारी करने तथा मनरेगा के तहत लंबित मजदूरी का शीघ्र भुगतान कराने का अनुरोध भी किया।
प्रतिनिधियों ने बोदलाबाहरा-बरबांधा से आवासपारा कमारपारा, आमगांव से कछारपारा, भूरसीडोंगरी से कमारपारा, घूरावड़ कमारपारा, दूधावा से कोरमुड़ कमारपारा और बिलभदर सहित अन्य कमार बसाहटों तक सड़क निर्माण की आवश्यकता से भी कलेक्टर को अवगत कराया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के समग्र विकास, शिक्षा, आवास, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को मांगों का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कमार समाज से जुड़े सभी विषयों का विभागीय समन्वय से चरणबद्ध निराकरण किया जाएगा।
इस अवसर पर कमार समाज के जिला संरक्षक सरोज कुमार नेताम, जिला अध्यक्ष बुधलाल नेताम, जिला सचिव बुधारू कमार, ब्लॉक अध्यक्ष (नगरी-धमतरी) श्रवण कुमार सोरी, ब्लॉक अध्यक्ष मगरलोड रतनु सोरी, जिला संरक्षक सदस्य बरनी बाई कमार, कमार आवासीय शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष राजाराम कमार, मुन्नालाल कमार, हरीलाल कमार, लखनतीन कमार सहित समाज के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

