छत्तीसगढ़: शराब के नशे में धुत हेडमास्टर स्कूल परिसर में जमीन पर लेटा, बच्चों की चप्पलों को बनाया तकिया; DEO ने किया सस्पेंड

0

 छत्तीसगढ़: शराब के नशे में धुत हेडमास्टर स्कूल परिसर में जमीन पर लेटा, बच्चों की चप्पलों को बनाया तकिया; DEO ने किया सस्पेंड



सूरजपुर (छत्तीसगढ़) शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से सामने आई है। यहाँ रामानुजनगर ब्लॉक के खोरखोरीपारा प्राइमरी स्कूल में पदस्थ हेडमास्टर हरिनंदन सिंह गुरुवार (9 जुलाई) को अत्यधिक शराब के नशे में लड़खड़ाते हुए स्कूल पहुंचे। नशे में धुत हेडमास्टर ने न सिर्फ स्कूल के बच्चों और अन्य शिक्षकों के साथ गाली-गलौज की, बल्कि स्कूल परिसर में जमीन पर ही लेट गए।

 बच्चों की चप्पलों पर सिर रखकर सो गए हेडमास्टर

ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेडमास्टर की हालत इस कदर खराब थी कि वह खुद को संभाल भी नहीं पा रहे थे। स्कूल के बाहर जहाँ बच्चों के जूते-चप्पल रखे थे, वह वहीं जमीन पर लेट गए और बच्चों की चप्पलों पर ही सिर रखकर सो गए।

जब वहां मौजूद ग्रामीणों को इसकी भनक लगी, तो वे स्कूल पहुंचे और हेडमास्टर को समझाने का प्रयास किया। इस पर हेडमास्टर ग्रामीणों पर ही भड़क गए और कहा, "मुझसे फालतू बात मत करना।" जब ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि इसका वीडियो बनाकर कलेक्टर के पास भेज दिया जाएगा, तो उन्होंने धमकी देते हुए कहा, "पटककर मारूंगा। क्या कर लोगे मेरा।"

ग्रामीणों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में हेडमास्टर ठीक से बोल पाने की स्थिति में भी नजर नहीं आ रहे थे।

 जाँच में सही पाई गई शिकायत, पहले भी आ चुकी हैं शिकायतें

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) लता बेक के संज्ञान में आया। उन्होंने तुरंत रामानुजनगर के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) अवधेश कुमार साहू को जांच के लिए स्कूल भेजा।

BEO ने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। जांच रिपोर्ट में हेडमास्टर के नशे की हालत में स्कूल आने और गाली-गलौज करने की बात पूरी तरह सही पाई गई। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि हरिनंदन सिंह लंबे समय से इस स्कूल में पदस्थ हैं और इससे पहले भी कई बार उनके शराब पीकर स्कूल आने की शिकायतें की जा चुकी हैं।

 तत्काल प्रभाव से किए गए सस्पेंड

BEO की जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रभारी डीईओ लता बेक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हेडमास्टर हरिनंदन सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय प्रतापपुर तय किया गया है।

"शराब के नशे में स्कूल आने वाले शिक्षकों की जानकारी जुटाई जा रही है। ऐसे शिक्षकों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

लता बेक, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), सूरजपुर


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !