छत्तीसगढ़ में फिर मेहरबान हुआ मानसून, अगले 5 दिन बारिश के आसार; गर्मी-उमस से मिलेगी राहत

0

 

छत्तीसगढ़ में फिर मेहरबान हुआ मानसून, अगले 5 दिन बारिश के आसार; गर्मी-उमस से मिलेगी राहत



रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर ओडिशा के ऊपर बना वेलमार्क लो प्रेशर एरिया प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों को तेज कर रहा है। इसके प्रभाव से अगले पांच दिनों तक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ इलाकों में भारी वर्षा होने की संभावना है।

बुधवार को रायपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, वहीं कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हुई। लंबे समय से गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने लगी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, गुरुवार को रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, महासमुंद और गरियाबंद जिलों के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक अच्छी बारिश के आसार बने हुए हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं होने और मानसून द्रोणिका के उत्तर की ओर खिसकने से प्रदेश में उमस और गर्मी बढ़ गई थी। अब बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत निम्न दबाव क्षेत्र के कारण नमी बढ़ी है, जिससे मौसम का मिजाज बदल गया है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वहीं जिन जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है, वहां भी आने वाले दिनों में अच्छी वर्षा की उम्मीद जताई जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !