डकैती की सनसनीखेज वारदात का धमतरी पुलिस ने किया खुलासा, अंतरजिला गिरोह के 8 आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कुरूद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूटी गई एक्टिवा, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद
उत्तम साहू
धमतरी, 22 जुलाई 2026। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने डकैती की एक सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए अंतरजिला गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक्टिवा स्कूटी, वीवो मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम छाती निवासी प्रार्थी विमल देशलहरे ने थाना कुरूद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे मगरलोड जाते समय ग्राम मंदरौद मोड़ स्थित राजू फर्नीचर मार्ट के पास वह आराम कर रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट कर 9 हजार रुपये नकद, वीवो मोबाइल फोन और एक्टिवा क्रमांक CG 04 KD 9932 लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 211/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ, मेमोरेंडम कथन और पहचान परेड की कार्रवाई के बाद आरोपियों की वारदात में संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई एक्टिवा स्कूटी, वीवो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक CG 04 ND 9188 बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने बताया कि लूटी गई एक्टिवा को ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के डरलीमुड़ा में छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस टीम ने बरामद किया।
विवेचना में पांच से अधिक आरोपियों की सक्रिय भागीदारी सामने आने पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2), 317(3) एवं 317(4) भी जोड़ी गई। पुलिस ने उपलब्ध मौखिक, दस्तावेजी, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपी
- अनुज ध्रुव (22), निवासी संतोषी नगर, रायपुर
- भूपेश उर्फ कंजे ध्रुवंशी (20), निवासी सेजबहार, रायपुर
- संजय विश्वकर्मा (23), निवासी सेजबहार, रायपुर
- राजेन्द्र उर्फ राहुल निषाद (24), निवासी सेजबहार, रायपुर
- योगेन्द्र उर्फ योगी यादव (21), निवासी रजोली (मोखा), जिला बालोद
- तीरथ यादव (23), निवासी दोनर, जिला धमतरी
- अमन लंगोटे उर्फ बिल्डर (26), निवासी सेजबहार, रायपुर
- पुरन उर्फ राजा रात्रे (19), निवासी डरलीमुड़ा, जिला नुआपाड़ा, ओडिशा
यह सामान हुआ बरामद
- एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 04 KD 9932
- वीवो कंपनी का मोबाइल फोन
- वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक CG 04 ND 9188
धमतरी पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी और आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

