घर की चौखट पर मिली युवक की लाश, हत्या की आशंका,चार युवकों से पुलिस की पूछताछ..गांव में पसरा सन्नाटा
राजिम। गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम पितईबंद में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव उसके ही घर के सामने संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान उत्तम भारती के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या की आशंका नजर आ रही है। मृतक के शरीर पर लोहे की रॉड जैसी किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के निशान मिले हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। आशंका है कि युवक की हत्या कर शव उसके घर के सामने फेंक दिया गया। हालांकि, मौत किन परिस्थितियों में हुई और वारदात का वास्तविक कारण क्या है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी पहुंची, जिसने बारीकी से जांच कर महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

