बरपाली तहसील कार्यालय पहुंचे कलेक्टर कुणाल दुदावत, राजस्व कार्यों की ली गहन पड़ताल

0

बरपाली तहसील कार्यालय पहुंचे कलेक्टर कुणाल दुदावत, राजस्व कार्यों की ली गहन पड़ताल

लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

सेवा सेतु केंद्र, न्यायालय कक्ष और विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर ग्रामीणों से भी जाना फीडबैक



कोरबा, 03 जुलाई 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शुक्रवार को बरपाली तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर राजस्व कार्यों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और राजस्व सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने तहसील परिसर स्थित सेवा सेतु केंद्र का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने न्यायालय कक्ष का निरीक्षण कर लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए। साथ ही प्रकरणों से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने में विलंब करने वाले पटवारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आवक-जावक शाखा, नकल शाखा और आवेदन पावती रजिस्टर का भी अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के नियमित संधारण, रजिस्टरों को अद्यतन रखने तथा कार्यालयीन कार्यों की सतत मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया। रजिस्टरों के नियमित परीक्षण में लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तहसीलदारों को सभी अभिलेखों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नायब तहसीलदार कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा तहसील परिसर में स्वच्छता, अनुशासित कार्यप्रणाली और सुव्यवस्थित कार्यालयीन वातावरण बनाए रखने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित तहसीलदार एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !