ग्राफ्टेड सब्जी उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आय, केरेमुड़ा में वैज्ञानिक खेती का मिला प्रशिक्षण

0

ग्राफ्टेड सब्जी उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आय, केरेमुड़ा में वैज्ञानिक खेती का मिला प्रशिक्षण

नगरी व मगरलोड के किसानों को ग्राफ्टेड टमाटर-बैंगन की आधुनिक तकनीक से कराया गया अवगत, 1.01 लाख से अधिक पौधों का वितरण



उत्तम साहू,धमतरी, 4 जुलाई। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच किसानों को कम लागत में अधिक एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगरी विकासखंड के ग्राम केरेमुड़ा में ग्राफ्टेड टमाटर एवं बैंगन की वैज्ञानिक खेती पर एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत धमतरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण का संचालन प्रदान (PRADAN) संस्था द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण में नगरी एवं मगरलोड विकासखंड के कृषि सखी, मास्टर ट्रेनर तथा बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने किसानों को ग्राफ्टेड सब्जी उत्पादन की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराते हुए जलवायु-अनुकूल, टिकाऊ एवं लाभकारी खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में बताया गया कि नगरी विकासखंड के किसानों को 1 लाख 1 हजार 800 ग्राफ्टेड पौधों का वितरण किया गया है, जिनमें 51 हजार 800 ग्राफ्टेड टमाटर एवं 50 हजार ग्राफ्टेड बैंगन के पौधे शामिल हैं। विशेषज्ञों ने बताया कि ग्राफ्टेड पौधों की मजबूत जड़ प्रणाली, अधिक रोग प्रतिरोधक क्षमता और बेहतर उत्पादन क्षमता किसानों को अधिक उपज और बेहतर बाजार मूल्य दिलाने में सहायक होगी।

प्रशिक्षण के दौरान भूमि की वैज्ञानिक तैयारी, पौध उपचार, उन्नत रोपण विधि, मल्चिंग, नमी संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जैव उर्वरकों का उपयोग, समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन (IPM), वैज्ञानिक पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेज (PoP) तथा फसल कटाई उपरांत प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही खेती में होने वाली सामान्य त्रुटियों और उनके समाधान पर भी व्यवहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण खेत में आयोजित लाइव फील्ड डेमोंस्ट्रेशन रहा, जिसमें किसानों ने ग्राफ्टेड पौधों के उपचार, वैज्ञानिक रोपण और प्रारंभिक फसल प्रबंधन की तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से देखा और सीखा। संवाद सत्र में किसानों ने विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

इस अवसर पर बताया गया कि गट्टासिल्ली फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीओ) के माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण ग्राफ्टेड पौधे एवं आवश्यक जैविक कृषि आदान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि प्रदान (PRADAN) संस्था द्वारा कृषि सखियों एवं किसानों का तकनीकी और व्यवहारिक क्षमता विकास किया जा रहा है।

जिला पंचायत धमतरी के मार्गदर्शन, गट्टासिल्ली एफपीओ के सहयोग तथा प्रदान संस्था के तकनीकी समर्थन से संचालित यह पहल नगरी एवं मगरलोड विकासखंड में आधुनिक, जलवायु-अनुकूल एवं टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे किसानों की उत्पादन लागत कम होने, उपज की गुणवत्ता बढ़ने और ग्रामीण आजीविका को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !