नगरी को नगर पालिका बनाने की उठी मांग, विकास कार्यों के लिए मंत्री अरुण साव से मिले अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा
उत्तम साहू,नगरी। नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका का दर्जा दिलाने और शहर के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों को गति देने की दिशा में पहल तेज हो गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने रायपुर स्थित निवास पर नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर नगर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों का मांग पत्र सौंपा।
मुलाकात के दौरान छाबड़ा ने कहा कि नगरी सिहावा अंचल का प्रमुख नगर है और लगातार बढ़ती आबादी व क्षेत्रीय महत्व को देखते हुए अब इसे नगर पालिका का दर्जा मिलना चाहिए। इससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं, अतिरिक्त बजट और विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने बजरंग चौक से हरदीभाटा चौक तक लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित फोरलेन सड़क के लिए शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति देने की मांग भी रखी। यह परियोजना वर्ष 2025-26 के बजट प्रस्ताव में शामिल है और इसके पूरा होने से नगर की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अध्यक्ष ने नवीन बस स्टैंड निर्माण के लिए भी राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान बस स्टैंड के लिए चयनित स्थल बड़े झाड़ के जंगल क्षेत्र में होने से निर्माण कार्य में बाधाएं आ रही थीं। अब कलेक्टर अविनाश मिश्रा द्वारा वार्ड क्रमांक 12 स्थित गुढ़ियारी तालाब के सामने नई भूमि आवंटित कर दी गई है। वित्तीय स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जा सकेगा।
इसके साथ ही गुढ़ियारी तालाब के सौंदर्यीकरण, खेल मैदान में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार तथा बड़े झाड़ क्षेत्र के पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग भी मंत्री के समक्ष रखी गई।
मंत्री अरुण साव ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र वित्तीय स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया।
अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने विश्वास जताया कि यदि नगर पालिका का दर्जा और प्रस्तावित विकास कार्यों को मंजूरी मिलती है, तो नगरी में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा और नगर विकास की नई दिशा तय करेगा।

