महानदी में नहाना पड़ा भारी: तेज बहाव में बहा युवक, गोताखोरों की मदद से तलाश जारी
राजिम। गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए महानदी में नहाने गया एक युवक शनिवार को तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के नेहरू घाट की है, जहां हादसे के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, इंदिरा मार्केट, नवापारा निवासी प्रदीप कश्यप अपनी पत्नी के साथ महानदी में स्नान करने पहुंचे थे। दोनों नदी में उतरे, लेकिन नहाते समय प्रदीप गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गए। उनकी पत्नी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आई, जबकि प्रदीप देखते ही देखते नदी की धारा में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से खोजबीन शुरू कर दी। हालांकि देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस ने रायपुर से गोताखोरों की विशेष टीम को भी बुलाया है। टीम के पहुंचते ही सर्च ऑपरेशन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस युवक की तलाश के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

