🚨 ब्रेकिंग न्यूज़
सूखे कुएं में गिरा तेंदुआ, रेस्क्यू में जुटा वन विभाग; देखने उमड़ी ग्रामीणों की भारी भीड़
उत्तम साहू
नगरी (धमतरी)। नगरी विकासखंड के ग्राम महमल्ला में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ सूखे कुएं में गिर गया। घटना की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। तेंदुए को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। वन अमला पूरी सतर्कता के साथ बचाव कार्य में जुटा हुआ है ताकि तेंदुए को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित जंगल में छोड़ा जा सके।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रेस्क्यू स्थल से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। भीड़ अधिक होने के कारण वन विभाग के कर्मचारियों को रेस्क्यू कार्य में सावधानी बरतनी पड़ रही है।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, तेंदुआ रात के समय शिकार की तलाश में गांव के समीप पहुंचा होगा और अंधेरे में सूखे कुएं में गिर गया। फिलहाल वन विभाग की टीम रेस्क्यू अभियान को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।
दबंग छत्तीसगढ़िया न्यूज़ इस घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। रेस्क्यू पूरा होने के बाद विस्तृत अपडेट जारी किया जाएगा।

