एकतरफा प्यार का खूनी जुनून: नंबर ब्लॉक करने की मिली सजा, नर्सिंग छात्रा की चाकू से गोदकर हत्या
भिलाई में दिल दहला देने वाली वारदात, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार; सबूत मिटाने के लिए नदी में फेंके खून से सने कपड़े
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में एकतरफा प्यार की सनक ने एक 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की जान ले ली। नंबर ब्लॉक करने से नाराज युवक ने छात्रा के किराए के कमरे में घुसकर पहले उसका गला दबाया, फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खून से सने कपड़े और जूते नदी में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महज 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान खुशी साहू (19) के रूप में हुई है, जो भिलाई के रामनगर में किराए के कमरे में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। आरोपी लाकेश्वर उर्फ पिंटू साहू (24) उसका दूर का रिश्तेदार बताया गया है और वह लंबे समय से एकतरफा प्रेम करता था। वह खुशी पर रिश्ते और शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन छात्रा ने साफ इनकार कर दिया था। कुछ समय पहले उसने आरोपी का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था, जिससे वह बौखला गया।
पहले दिन नाकाम, दूसरे दिन रची खूनी साजिश
पुलिस के मुताबिक आरोपी एक दिन पहले भी हत्या की नीयत से भिलाई पहुंचा था, लेकिन छात्रा कमरे में नहीं मिली। अगले दिन वह पूरी तैयारी के साथ लौटा। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट और जींस के अंदर बरमूडा पहन रखा था, ताकि वारदात के बाद खून से सने कपड़े बदलकर आसानी से फरार हो सके।
सहेली के बाथरूम जाते ही किया हमला
10 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे आरोपी रामनगर स्थित कमरे में पहुंचा। उस समय खुशी अपनी सहेली के साथ थी। जैसे ही सहेली बाथरूम गई, आरोपी ने मौका देखकर खुशी का गला दबाया, जिससे उसकी गर्दन की हड्डी टूट गई। इसके बाद उसने चाकू से लगातार 10 से 11 वार किए। पूरी वारदात महज ढाई से तीन मिनट में अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल खुशी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नदी में फेंके खून से सने कपड़े
हत्या के बाद आरोपी ने अपने खून से सने कपड़े और एक जूता कुम्हारी के पास खारून नदी में फेंक दिया, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिले। इसके बाद अंदर पहने कपड़ों में ही वह वहां से निकल गया।
24 घंटे में पुलिस के शिकंजे में
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पड़ताल के आधार पर पुलिस ने आरोपी को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से सकरी गांव का निवासी है और रायपुर के खमतराई क्षेत्र में किराए से रहकर मजदूरी करता था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और उसकी बाइक बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, वारदात का कारण एकतरफा प्रेम और छात्रा द्वारा आरोपी से संपर्क समाप्त करना माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



