तीन दिन से लापता छात्र का शव खेत में दफन मिला, गांव में उबाल
सक्ती। सक्ती जिले के परसदाखुर्द गांव में तीन दिन से लापता 9वीं कक्षा के छात्र की तलाश उस वक्त दर्दनाक अंत पर पहुंची, जब गांव के एक खेत में गड्ढे से उसका शव बरामद हुआ। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और गांव में आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान कपिल कुमार केवट (पिता– शौखी कुमार केवट) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार कपिल 8 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे घर से निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। गुमशुदगी की सूचना ग्राम सरपंच के माध्यम से सक्ती थाने में दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि शुरुआती स्तर पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
शनिवार को गांव के एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में खुदी मिट्टी देखकर लोगों को शक हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खुदाई कराई तो गड्ढे से छात्र का शव बरामद हुआ। इसके बाद पूरे गांव में मातम और आक्रोश फैल गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम का जल्द खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव के लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

