नगरी में होगा विश्व आदिवासी दिवस का जिला स्तरीय आयोजन, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता की दिखेगी झलक
उत्तम साहू,नगरी। इस वर्ष 9 अगस्त को मनाया जाने वाला विश्व आदिवासी दिवस धमतरी जिले के पांचवीं अनुसूचित क्षेत्र एवं आदिवासी बाहुल्य नगरी में जिला स्तरीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर शनिवार को सर्व आदिवासी समाज तहसील नगरी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न आदिवासी समाजों के प्रतिनिधियों ने एकमत से नगरी को आयोजन स्थल बनाए जाने के प्रस्ताव का समर्थन किया।
बैठक का आयोजन सर्व आदिवासी समाज भवन, नगरी में हुआ। इसमें अजजा शासकीय कर्मचारी संघ, गोंडवाना समाज, ध्रुव गोंड समाज, हल्बा समाज और कमार समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।
तहसील सर्व आदिवासी समाज नगरी के अध्यक्ष उमेश देव ने जिला सर्व आदिवासी समाज द्वारा नगरी तहसील को जिला स्तरीय आयोजन स्थल प्रस्तावित किए जाने का प्रस्ताव पढ़कर सुनाया। उपस्थित सभी समाजों के प्रतिनिधियों ने इस प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन करते हुए आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन की रूपरेखा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारंपरिक वेशभूषा, सामाजिक सहभागिता और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, इतिहास और सामाजिक एकता को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
बैठक में पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, गोंडवाना समाज के संरक्षक रामप्रसाद मरकाम, ध्रुव गोंड समाज के तहसील अध्यक्ष सुरेन्द्र ध्रुव, हल्बा समाज के आर.एन. देव सहित बुधलाल नेताम, रंजीत सोम, शशिकला ध्रुव, सत्यवती नेताम, सुरेश ध्रुव, उत्तम नेताम, प्रमोद कुंजाम, हृदय नाग, सुरेन्द्र राज ध्रुव, वेदप्रकाश मंडावी, संतोष गंगेश, श्रीधन सोम, रमेश मंडावी, संत मरकाम, राकेश मरकाम, नरसिंग मरकाम, संत कुमार नेताम, हुलास सूर्याकर, रुपेन्द्र मरकाम, अमन ध्रुव, कन्हैयालाल नाग, गितेश्वर ध्रुव सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी समाजों ने यह विश्वास व्यक्त किया कि नगरी में आयोजित होने वाला जिला स्तरीय विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और आदिवासी अस्मिता का एक यादगार आयोजन बनेगा, जिसमें जिलेभर से हजारों लोगों की सहभागिता देखने को मिलेगी।

