धमतरी में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में निकली भगवान जगन्नाथ रथयात्रा, पुलिस की मुस्तैदी से टली हर अप्रिय घटना
उत्तम साहू
धमतरी। भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा शुक्रवार को धमतरी जिले में श्रद्धा, उल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने पूरे आयोजन के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया, जिसके चलते हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
रथयात्रा के दौरान शहर के संकरे और चुनौतीपूर्ण मार्गों पर पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस, महिला पुलिस बल और अन्य सुरक्षा कर्मियों की रणनीतिक तैनाती की गई थी। पुलिस ने पूरे मार्ग पर लगातार निगरानी रखी और भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था की, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिला।
करीब 3 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता वाली इस रथयात्रा में चाकूबाजी, जेबतराशी, भगदड़ या किसी भी अन्य अवांछित घटना की सूचना नहीं मिली। साथ ही यातायात व्यवस्था भी सुचारु रूप से संचालित की गई, जिससे आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
धमतरी पुलिस और जिला प्रशासन के बेहतर समन्वय, सुनियोजित सुरक्षा प्रबंधन तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सतत मुस्तैदी के कारण धार्मिक आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और सफल रहा। श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासित भीड़ नियंत्रण और सेवा भाव की सराहना की।
इसी प्रकार कुरूद और नगरी अनुभाग में भी संबंधित एसडीओपी के मार्गदर्शन में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हुई, जहां स्थानीय पुलिस बल ने प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
रथयात्रा ड्यूटी के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मोनिका मरावी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत, अर्जुनी थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू, उप निरीक्षक खेमराज साहू, आर.के. साहू, बी.आर. सिन्हा, रुद्री थाना प्रभारी सहित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
धमतरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी सभी धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगी।

