धमतरी पुलिस को मिली नई कमान: आईपीएस भावना पांडेय ने संभाला पुलिस अधीक्षक का पदभार, जनविश्वास आधारित पुलिसिंग पर रहेगा विशेष फोकस
उत्तम साहू,धमतरी। धमतरी जिले की कानून-व्यवस्था की कमान अब भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी श्रीमती भावना पांडेय के हाथों में है। सोमवार को उन्होंने पुलिस अधीक्षक, धमतरी के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने विभागीय प्रक्रिया के तहत उन्हें कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग, संवेदनशील मामलों और चल रहे विशेष अभियानों की विस्तृत जानकारी दी।
पदभार ग्रहण समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, डीएसपी, थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया और उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा जनोन्मुखी पुलिसिंग को नई दिशा देने का भरोसा जताया।
पदभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने स्पष्ट किया कि धमतरी पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता आम नागरिकों की सुरक्षा, प्रभावी कानून-व्यवस्था, अपराधों पर त्वरित नियंत्रण और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग को और मजबूत बनाया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर सके।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग ही विभाग की वास्तविक पहचान है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निराकरण किया जाए और आमजन को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जाए।
पदभार ग्रहण के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखा प्रभारियों से लंबित प्रकरणों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और समयबद्ध कार्य निष्पादन के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि टीमवर्क, ईमानदारी और समर्पण ही धमतरी पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। इसी भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा तथा जनविश्वास आधारित पुलिसिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

