बच्चों के सुनहरे भविष्य की ओर एक और कदम: मोदे में नवीन आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण
उत्तम साहू,नगरी। ग्राम पंचायत मोदे में बच्चों और माताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नवीन आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक अंबिका मरकाम ने फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया और इसे ग्रामीणों को समर्पित किया।
समारोह की अध्यक्षता सरपंच कलेन्द्री कश्यप ने की। अपने संबोधन में विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि मजबूत आंगनबाड़ी व्यवस्था बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास की पहली सीढ़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों में शिक्षा, पोषण और महिला एवं बाल विकास को सशक्त बनाने के लिए लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। नए भवन से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को बेहतर वातावरण एवं आवश्यक सेवाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत नगरी के उपाध्यक्ष हृदय साहू, विधायक प्रतिनिधि सचिन भंसाली, अयूब खान, मयंक ध्रुव, ग्राम समिति अध्यक्ष किशनलाल कश्यप, ग्राम समिति उपाध्यक्ष राम कश्यप, ग्राम पटेल श्याम कश्यप, उपसरपंच भूपेन्द्र कुमार कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
लोकार्पण के बाद अतिथियों ने ग्रामवासियों को शुभकामनाएं देते हुए नवीन भवन के समुचित उपयोग, बच्चों के बेहतर पालन-पोषण तथा गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा के लिए सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की। ग्रामीणों ने भी इस नई सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।


