धमतरी के युवाओं को एआई और डिजिटल कौशल से सशक्त बनाने की पहल
भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक में ‘PIVOT by VerblyAI’ का उन्मुखीकरण सत्र आयोजित, 15 अगस्त से शुरू होगा प्रशिक्षण केंद्र
उत्तम साहू,धमतरी, 21 जुलाई 2026। युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल तकनीक और भविष्य की रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन धमतरी द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक, धमतरी में ‘PIVOT by VerblyAI’ कार्यक्रम को लेकर विशेष जानकारी एवं उन्मुखीकरण सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की इकाई के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा और डिजिटल तकनीकों के बढ़ते उपयोग से रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर तेजी से विकसित हो रहे हैं। ऐसे में केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक डिजिटल दक्षता, समस्या समाधान क्षमता, संचार कौशल और नवाचार की समझ भी युवाओं के लिए बेहद जरूरी हो गई है।
PIVOT by VerblyAI कार्यक्रम इन्हीं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन, रोजगार-योग्यता कौशल, एआई आधारित आधुनिक टूल्स के व्यावहारिक उपयोग, डिजिटल उत्पादकता, इंटर्नशिप एवं उद्यमिता से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
15 अगस्त से शुरू होगा प्रशिक्षण केंद्र
जानकारी दी गई कि नगर निगम धमतरी परिसर में जिला प्रशासन के सहयोग से स्थापित किए जा रहे PIVOT by VerblyAI प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ 15 अगस्त 2026 से किया जाएगा। केंद्र में एक समय में लगभग 300 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने की क्षमता होगी।
छह माह की संरचित प्रशिक्षण यात्रा के अंतर्गत प्रतिभागियों को निःशुल्क करियर काउंसलिंग, एआई एवं डिजिटल स्किल प्रशिक्षण, उद्योग आधारित प्रोजेक्ट, इंटर्नशिप एवं जॉब कनेक्ट सहायता तथा उद्यमिता मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और समय-समय पर अपने कौशल को उन्नत करने के महत्व से भी अवगत कराया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि तकनीक आधारित रोजगार के इस दौर में एआई और डिजिटल कौशल युवाओं के लिए बेहतर करियर के साथ-साथ नवाचार आधारित उद्यमिता के नए रास्ते खोल सकते हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य धमतरी के युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर, सक्षम और प्रतिस्पर्धी बनाना है। इच्छुक विद्यार्थियों के लिए शीघ्र ही करियर काउंसलिंग एवं पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
इस अवसर पर भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक के प्राचार्य एवं प्राध्यापकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के प्रतिनिधि तथा PIVOT by VerblyAI टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

