कुत्तों से बचने गांव में घुसा हिरण, ग्रामीणों ने दिखाई इंसानियत; सुरक्षित लौटाया जंगल

0

कुत्तों से बचने गांव में घुसा हिरण, ग्रामीणों ने दिखाई इंसानियत; सुरक्षित लौटाया जंगल

ग्रामीणों की सूझबूझ और वन विभाग की तत्परता से हुआ सफल रेस्क्यू



खैरागढ़, 3 जुलाई। गुरुवार शाम ग्राम अवेली में उस समय हलचल मच गई, जब एक जंगली हिरण अचानक गांव में आ पहुंचा। बताया गया कि कुछ आवारा कुत्ते उसका पीछा कर रहे थे। अपनी जान बचाने के लिए हिरण गांव के एक किसान के ब्यारा में जाकर छिप गया।

किसान ने हिरण को देखा तो सबसे पहले कुत्तों को वहां से भगाया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से घबराए हुए हिरण को सुरक्षित नियंत्रित किया गया, ताकि वह भागने की कोशिश में खुद को घायल न कर बैठे। ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 और वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हिरण का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे उसके प्राकृतिक आवास, जंगल में छोड़ दिया। रेस्क्यू के दौरान गांव में बड़ी संख्या में लोग जुटे और वन्यजीव को देखने वालों की भीड़ लगी रही।

डीएफओ पंकज राजपूत ने बताया कि जंगली हिरण कई बार पानी और भोजन की तलाश में या फिर आवारा कुत्तों के पीछा करने के कारण जंगल से भटककर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी स्थिति में वन्यजीवों को नुकसान न पहुंचाएं, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि उनका सुरक्षित बचाव किया जा सके।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !