खेल मैदानों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, खिलाड़ियों से किया संवाद; सुविधाओं के विस्तार के दिए निर्देश

0

 

खेल मैदानों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, खिलाड़ियों से किया संवाद; सुविधाओं के विस्तार के दिए निर्देश



उत्तम साहू,धमतरी। जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने शनिवार को मंदरौद, परखंदा और कुरूद स्थित मिनी स्टेडियमों एवं खेल मैदानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्था और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को अधोसंरचना विकास कार्य समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत मंदरौद के शहीद भगत सिंह स्टेडियम से हुई, जहां कलेक्टर ने सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं तथा क्रिकेट, कबड्डी और वॉलीबॉल खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए नियमित अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। ग्रामीणों ने बताया कि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवा अभ्यास करते हैं और उन्हें व्यायाम शिक्षक एवं सेवानिवृत्त सैनिकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाता है। कलेक्टर ने गांव में पुस्तकालय स्थापित करने तथा गौण खनिज मद से खेल सुविधाओं के विस्तार के निर्देश भी दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने परखंदा हाई स्कूल परिसर में विकसित खेल मैदान का निरीक्षण किया और जिला पंचायत सीईओ जयंत मेहता, जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका वर्मा सहित अन्य अधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान छात्र टिकेंद्र कुमार साहू ने कलेक्टर को अपनी बनाई चित्रकला भेंट की, जिसकी उन्होंने सराहना की।

अधिकारियों ने बताया कि परखंदा हाई स्कूल के 171 छात्र-छात्राएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। खिलाड़ियों ने अब तक 20 पदक जीते हैं तथा 10 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न शासकीय सेवाओं में चयनित हुए हैं। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने पात्र खिलाड़ियों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

दौरे के अंतिम चरण में कलेक्टर ने कुरूद स्थित अटल बिहारी वाजपेयी मिनी स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन बॉक्स क्रिकेट मैदान की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की तथा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेकर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि खेल मैदान केवल प्रतियोगिताओं का स्थल नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, खेल सामग्री और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि धमतरी की खेल प्रतिभाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !