सोनम-सिया के बाद अब उर्मिला! शादी से तीन दिन पहले मंगेतर की हत्या, जीजा संग प्रेम संबंध बना मौत की वजह

0


सोनम-सिया के बाद अब उर्मिला! शादी से तीन दिन पहले मंगेतर की हत्या, जीजा संग प्रेम संबंध बना मौत की वजह

झारखंड के गिरिडीह में सनसनीखेज खुलासा, होने वाली दुल्हन और उसके प्रेमी जीजा गिरफ्तार, बिहार के जंगल से मिला युवक का शव



गिरिडीह। इंदौर की सोनम रघुवंशी और पुणे की सिया के चर्चित मामलों के बाद अब झारखंड के गिरिडीह से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी से महज तीन दिन पहले 20 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश उसकी होने वाली पत्नी ने अपने ही जीजा के साथ मिलकर रची थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और तय शादी उनके रिश्ते में सबसे बड़ी रुकावट बन रही थी।

मामला गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के भिखोडीह गांव का है। 20 वर्षीय नीरज हाजरा 5 जुलाई को रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। परिजनों ने पहले गुमशुदगी और बाद में अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साजिश की परतें खोलीं। जांच टीम बिहार के जमुई जिले के बेला जंगल पहुंची, जहां पहले से बरामद एक अज्ञात शव की पहचान नीरज हाजरा के रूप में हुई। इसके बाद गुमशुदगी का मामला हत्या में तब्दील हो गया।

पुलिस के अनुसार, नीरज की मंगेतर उर्मिला का अपने ही जीजा से प्रेम संबंध था। शादी तय होने के बाद दोनों को लगा कि नीरज उनके रिश्ते में बाधा बन जाएगा। इसके बाद कथित तौर पर दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिलाने के बाद शव को बिहार के जंगल में फेंक दिया, ताकि पहचान और सबूत मिटाए जा सकें।

पुलिस ने आरोपी युवती और उसके प्रेमी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए झारखंड और बिहार में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !