घठुला में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव
नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, मिठाई और पुस्तकों से स्वागत, छात्राओं को मिली साइकिलें, 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण
उत्तम साहू
नगरी। विकासखंड नगरी के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर बुधवार को माँ शीतला शासकीय हाईस्कूल, घठुला में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा पहली, छठवीं और नौवीं में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, गुलाल से स्वागत किया गया, मिठाई खिलाई गई तथा नई पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान और स्वागत गीतों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा नौवीं की छात्राओं को अतिथियों द्वारा साइकिलों का वितरण किया गया। वहीं 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा अतिथियों को स्मृति स्वरूप पौधे भेंट किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गरिमा नेताम ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस उपस्थित रहे। अपने संबोधन में श्री बैस ने कहा कि शिक्षा ही विकसित भारत-2047 के सपने को साकार करने की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए विद्यालय के हायर सेकेंडरी उन्नयन के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी कली राम साहू ने शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं और उनके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई। सभापति श्रीमती प्रेमलता नागवंशी ने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति को सफलता की कुंजी बताया, जबकि जिला उपाध्यक्ष अकबर कश्यप ने पालकों से बच्चों की पढ़ाई पर घर में भी विशेष ध्यान देने की अपील की। ग्राम सरपंच श्रीमती सरिता ध्रुव ने विद्यालय और समाज के बेहतर समन्वय पर बल देते हुए शिक्षा को सामाजिक विकास का आधार बताया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती माहेश्वरी ध्रुव, स्रोत समन्वयक प्रकाश साहू, नगरी विकासखंड के सभी संकुल समन्वयक, जनप्रतिनिधि हृदय लाल साहू, श्रीमती मौसमी मंडावी, मोहन पुजारी, श्री मोनू साहू, राकेश चौबे, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विरेंद्र मिश्रा, कुलदीप कश्यप, शिक्षकगण, पालक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।
शाला प्रवेशोत्सव ने न केवल नए शैक्षणिक सत्र का उत्साहपूर्ण आगाज किया, बल्कि शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और छात्र हितैषी योजनाओं के प्रति शासन की प्रतिबद्धता का भी प्रभावी संदेश दिया।


