आसपास के गांवों में बार-बार ठप हो रहा मोबाइल नेटवर्क, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
कॉल, इंटरनेट, यूपीआई और ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित, स्थायी समाधान की मांग
पत्रकार ज्ञान शंकर तिवारी,
नुनेरा/बांधाखार (पाली), कोरबा। नुनेरा, बांधाखार सहित आसपास के कई गांवों में मोबाइल नेटवर्क की लगातार समस्या से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सभी प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों का नेटवर्क बार-बार बंद हो जाता है, जिससे संचार व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार अधिकांश समय मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह गायब रहता है, जबकि कभी-कभार ही कुछ समय के लिए सेवा बहाल होती है। नेटवर्क बाधित रहने के कारण फोन कॉल, इंटरनेट, ऑनलाइन पढ़ाई, यूपीआई भुगतान, बैंकिंग सेवाएं और विभिन्न शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे आमजन के दैनिक कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी परिजनों, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं से संपर्क करना मुश्किल हो जाता है, जिससे सुरक्षा और सुविधा दोनों पर असर पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने दूरसंचार कंपनियों और संबंधित विभाग से मांग की है कि तकनीकी समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान कर नुनेरा, बांधाखार तथा आसपास के गांवों में निर्बाध और बेहतर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराएंगे।

