केरेगांव में प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह, पत्नी के प्रेमी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
उत्तम साहू
धमतरी। थाना केरेगांव क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बाजार कुर्रीडीह (स्कूलपारा) निवासी पूर्णिमा सोरी का पिछले लगभग एक वर्ष से एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शंकर समय-समय पर उससे मिलने केरेगांव क्षेत्र स्थित उसके गांव आता-जाता था। बताया गया कि करीब 15 दिन पहले पूर्णिमा अपनी दो बच्चियों के साथ शंकर के घर भी गई थी और कुछ दिन रहने के बाद वापस लौट आई थी।
8 जुलाई की शाम शंकर सूर्यवंशी फिर पूर्णिमा के घर पहुंचा। रात में भोजन के बाद पूर्णिमा, उसका पति योगेंद्र सोरी, दोनों बच्चे और शंकर एक ही हॉल में सो गए। देर रात करीब 3 बजे पति ने कथित रूप से तैश में आकर सो रहे शंकर पर कुल्हाड़ी से गले पर हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल शंकर को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी योगेंद्र सोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
धमतरी पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है तथा आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।

