कार नदी में बही, पूर्व सरपंच दंपती लापता
तेज बहाव के बीच हुआ हादसा, पुलिस-प्रशासन और गोताखोरों की टीमें युद्धस्तर पर तलाश में जुटीं
सारंगढ़। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। माधोपाली पुल पर तेज बहाव के बीच एक कार नदी में बह गई। कार में सवार घोटलाबड़े गांव के पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल हादसे के बाद से लापता हैं।
बताया जा रहा है कि रविवार को देवनारायण पटेल अपनी पत्नी के साथ कार से माधोपाली पुल पार कर रहे थे। इसी दौरान पुल के ऊपर से बह रहे तेज पानी की चपेट में कार आ गई और अनियंत्रित होकर नदी में बह गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
उफनती नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से अमझर पुल और आसपास के नदी-नालों में लापता दंपती की तलाश शुरू की गई है। संयुक्त टीम द्वारा युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
हालांकि, लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
प्रशासन की अपील—उफनते पुलों से दूरी बनाए रखें
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान उफनती नदियों, नालों और पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं। पानी का बहाव कम दिखाई देने पर भी तेज धारा बेहद खतरनाक हो सकती है। अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

