नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका बनाने की मांग तेज, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को सौंपा गया आवेदन
जनप्रतिनिधियों ने बढ़ती आबादी और विकास की जरूरतों का दिया हवाला, मुख्यमंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का दिया भरोसा
उत्तम साहू
नगरी/रायपुर, 28 जुलाई 2026। धमतरी जिले की नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका का दर्जा दिलाने की मांग अब शासन स्तर तक पहुंच गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम के नेतृत्व में विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात कर नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका का दर्जा प्रदान करने की मांग का ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, पार्षद अश्विनी निषाद, शंकरदेव और राजा पवार शामिल रहे। उन्होंने बताया कि नगरी की आबादी लगभग 20 हजार तक पहुंच चुकी है। साथ ही धमतरी, कांकेर और गरियाबंद जिला मुख्यालयों तथा ओडिशा सीमा के मध्य स्थित होने के कारण नगरी का सामरिक एवं प्रशासनिक महत्व लगातार बढ़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नगर पालिका का दर्जा मिलने से आधुनिक बस स्टैंड, खेल मैदान, तालाबों का सौंदर्यीकरण, सड़कों का उन्नयन तथा अन्य शहरी अधोसंरचना विकास कार्यों को गति मिलेगी। इससे नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और नगर का नियोजित विकास सुनिश्चित हो सकेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि आवश्यक वैधानिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद नगरी को नगर पालिका का दर्जा देने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने नगर के अधोसंरचनात्मक विकास के लिए भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार में नगरी के विकास को नई गति मिलेगी और नगर के सर्वांगीण विकास का नया अध्याय शुरू होगा।

