धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार का तबादला,श्रीमती भावना पांडे संभालेंगी जिले की कमान
रायपुर/धमतरी। राज्य सरकार द्वारा शुक्रवार को जारी 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश में धमतरी जिले के पुलिस अधीक्षक पद पर भी बदलाव किया गया है। आदेश के अनुसार भावना पांडे को धमतरी का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं वर्तमान एसपी सूरज सिंह परिहार का तबादला कर दिया गया है।
भावना पांडे के धमतरी की कमान संभालने के साथ ही जिले की पुलिस व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। धमतरी जिला नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से जुड़ा होने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग जैसी चुनौतियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है।
वहीं एसपी सूरज सिंह परिहार के कार्यकाल में धमतरी पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान, अवैध शराब एवं जुए पर कार्रवाई, लूट और हत्या के प्रयास जैसे मामलों के त्वरित खुलासे तथा चाकूबाजों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जैसे कई उल्लेखनीय अभियान चलाए।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने इस प्रशासनिक फेरबदल में धमतरी के अलावा बलौदाबाजार, कबीरधाम, बेमेतरा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर सहित कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों में भी बदलाव किया है।

