एक ही घर से उठीं पांच अर्थियां, परिवार के मुखिया का शव फंदे पर मिला; पत्नी और तीन बच्चों की भी मौत
संजय नगर के मदनी चौक में सनसनीखेज घटना, घर से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना; एफएसएल टीम जांच में जुटी
रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से सनसनी फैल गई। संजय नगर के मदनी चौक स्थित किराए के मकान में शुक्रवार रात परिवार के पांच लोग मृत अवस्था में पाए गए। मृतकों में परिवार के मुखिया साजिद अली (50), उनकी पत्नी राबिया और तीन बच्चे शामिल हैं।
घटना की जानकारी उस समय सामने आई, जब बंद मकान से तेज दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों ने रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मकान को सील कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
मुखिया का शव फंदे पर, कमरे में मिले पत्नी और बच्चों के शव
पुलिस की शुरुआती जांच में साजिद अली का शव फंदे पर लटका मिला। वहीं उनकी पत्नी राबिया, पुत्र इरशाद अली (19), पुत्री शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) के शव कमरे के अंदर मिले। पुलिस के अनुसार, मृतकों के मुंह और नाक से झाग निकलने के निशान दिखाई दिए हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि अन्य चार सदस्यों की मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई होगी। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
आठ महीने से किराए के मकान में रह रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि यह परिवार पिछले करीब आठ महीने से इस मकान में किराए पर रह रहा था। पड़ोसियों के अनुसार, गुरुवार शाम से ही घर का दरवाजा अंदर से बंद था। शुक्रवार को भी पूरे दिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
आर्थिक परेशानी और कर्ज की भी चर्चा
स्थानीय लोगों के मुताबिक साजिद अली मौदहापारा क्षेत्र में बैटरी रिपेयरिंग का काम करते थे। बताया जा रहा है कि परिवार पर कुछ कर्ज भी था और कथित तौर पर वसूली के लिए रिकवरी कर्मी अक्सर घर आते थे। आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव की बातें भी सामने आ रही हैं।
फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिवार की आर्थिक स्थिति, आपसी विवाद, कर्ज और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। एफएसएल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस सामूहिक मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

