भाजपा के दफ्तर पर बम से हमला, पेट्रोल बम फेंककर मचाई सनसनी..पुलिस ने शुरू की जांच
चंडीगढ़, 27 जुलाई। देशभर में पेपर लीक और अन्य मुद्दों को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच पंजाब के संगरूर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां उप्पली रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय पर असामाजिक तत्वों ने पेट्रोल बम फेंककर हमला किया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, हमलावर ने बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे पेट्रोल बम का रूप दिया और भाजपा कार्यालय की बाहरी दीवार की ओर फेंक दिया। बम दीवार से टकराकर फूट गया। घटना रविवार देर रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। रिपोर्टों के अनुसार, दीवार पर आग लगने के निशान भी मिले हैं।
सोमवार सुबह जब भाजपा कार्यकर्ता कार्यालय खोलने पहुंचे, तब घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
संगरूर के एसपी दविंदर अत्री ने बताया कि डीएसपी और संगरूर थाना प्रभारी के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे पेट्रोल बम में बदला गया था। फिलहाल हमले के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या था, इसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद भाजपा कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

