राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, बोदरी में महिलाओं ने मटकी फोड़कर जताया विरोध

0

 

राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, बोदरी में महिलाओं ने मटकी फोड़कर जताया विरोध

गीतांजलि कौशिक के नेतृत्व में निकली रैली, मटकी पर लिखे थे ‘पाप का घड़ा भर गया’ और ‘मंदिर चंदा चोरी’ जैसे नारे

 


                      ज्ञान शंकर तिवारी

बिलासपुर। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर बिलासपुर जिले के बोदरी में कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक और पूर्व विधायक सियाराम कौशिक के नेतृत्व में महिलाओं ने सिर पर मटकी रखकर रैली निकाली और राम मंदिर पहुंचकर प्रतीकात्मक रूप से मटकी फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन की शुरुआत चकरभाठा स्थित हनुमान मंदिर से हुई। बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मटकी रखकर रैली में शामिल हुईं। मटकी पर ‘पाप का घड़ा भर गया है’, ‘चौकीदार चोर है’ और ‘मंदिर चंदा चोरी’ जैसे नारे लिखे गए थे। ढोल-मांदर की थाप और जोरदार नारों के बीच निकली इस रैली ने पूरे नगर का ध्यान आकर्षित किया।

रैली राम मंदिर पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से मटकी फोड़कर विरोध जताया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कथित चढ़ावा चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

वहीं, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक ने अपने संबोधन में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा सहित मंदिर से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक पूरे मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

बोदरी में कांग्रेस द्वारा किए गए इस अनोखे प्रदर्शन ने क्षेत्र के राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। अब इस मुद्दे पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों की नजर बनी हुई है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !