सिंगपुर..शाला प्रवेशोत्सव में एसपी सूरज सिंह परिहार का प्रेरक संदेश: 'राष्ट्र ऋण' निभाएं, संवाद की संस्कृति अपनाएं
उत्तम साहू
सिंगपुर। स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिंगपुर में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रेरक संवाद करते हुए शिक्षा, संस्कार, गुरु-शिष्य परंपरा, राष्ट्र निर्माण और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था पर विचार साझा किए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में स्मार्ट बोर्ड (टीवी पैनल) का शुभारंभ किया तथा पुस्तकालय के लिए 11 हजार रुपये मूल्य की उत्कृष्ट पुस्तकों के दान की घोषणा भी की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अपने संबोधन में एसपी परिहार ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही विकसित भारत के भविष्य और राष्ट्र के वास्तविक कर्णधार हैं। उन्होंने कहा कि गुरु का स्थान सर्वोच्च है और विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों का सम्मान करते हुए उनके मार्गदर्शन में जीवन के उच्च लक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए।
विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कई छात्रों ने आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक और पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा जताई। इस पर एसपी ने उनका उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इन्हीं बच्चों में भविष्य के उत्कृष्ट अधिकारी और राष्ट्र निर्माता तैयार होंगे।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति से जुड़े "ऋण कितने प्रकार के होते हैं?" विषय पर प्रश्न पूछा। ग्राम अंजोरा की गायत्री सिन्हा ने देव ऋण, मातृ-पितृ ऋण और गुरु/ऋषि ऋण का सही उत्तर दिया, जिस पर एसपी ने उन्हें मंच पर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक नागरिक का एक चौथा "राष्ट्र ऋण" भी है, जिसे ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के माध्यम से चुकाना चाहिए। साथ ही उन्होंने वाद-विवाद के बजाय संवाद की संस्कृति अपनाने का संदेश दिया।
एसपी परिहार ने सामाजिक कार्यकर्ता खेमन बाई के शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने की घोषणा भी की।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी.पी. चंद्रा के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए एसपी ने पुस्तकालय के लिए 11 हजार रुपये की पुस्तकों का योगदान देने की घोषणा की। कार्यक्रम में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर डॉ. कल्पना ध्रुव, प्राचार्य डॉ. वी.पी. चंद्रा, सरपंच लोमेश्वर साहू, थाना प्रभारी मगरलोड प्रमोद अमलतास, विद्या भारती के पदाधिकारी, शिक्षक, पालक, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



