10 अगस्त को धमतरी में मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस
1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की गोली, स्वास्थ्य विभाग ने पूरी की तैयारियां
कृमि संक्रमण से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है असर
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में एनीमिया, कुपोषण, कमजोरी, पेट दर्द, भूख कम लगना, पढ़ाई में ध्यान न लगना तथा शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है। वर्ष में दो बार एल्बेंडाजोल की गोली खिलाने से इन समस्याओं की रोकथाम में प्रभावी सहायता मिलती है।
आयु के अनुसार दी जाएगी दवा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को 200 मिलीग्राम (400 मिलीग्राम की आधी गोली चूरा करके) दी जाएगी, जबकि 2 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को 400 मिलीग्राम (एक पूरी गोली चबाकर) खिलाई जाएगी।
दवा खिलाने से पहले यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बच्चे ने कुछ भोजन किया हो। छोटे बच्चों को गोली चूरा कर स्वच्छ पानी के साथ दी जाएगी और दवा केवल प्रशिक्षित कार्यकर्ता की उपस्थिति में ही खिलाई जाएगी।
अनुपस्थित बच्चों के लिए होगा मॉप-अप अभियान
जो बच्चे 10 अगस्त को विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र में अनुपस्थित रहेंगे, उन्हें मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा अभियान से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के दौरान एल्बेंडाजोल की गोली अवश्य खिलवाएं और उन्हें कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने में सहयोग करें। साथ ही सभी शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों से अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया गया।

