हल्बा समाज सामुदायिक भवन उपगढ़ छिपली में शौचालय निर्माण का भूमिपूजन
जनपद उपाध्यक्ष हृदय साहू बोले— मूलभूत सुविधाओं का विकास समाज की प्रगति का आधार
उत्तम साहू,नगरी, 7 अगस्त 2026। ग्राम छिपली स्थित हल्बा समाज सामुदायिक भवन उपगढ़ में शौचालय निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन धार्मिक विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत नगरी के उपाध्यक्ष हृदय साहू रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती लिकेश्वरी पोटाई ने की।
भूमिपूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उपगढ़ नगरी के सचिव खिंजन कश्यप, ग्रामीण हल्बा समाज के अध्यक्ष शेषनारायण देव, कर्मचारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एल.एन. देव तथा पुजारी गोविन्द सोम की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि हृदय साहू ने कहा कि सामुदायिक भवन में शौचालय निर्माण होने से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के दौरान समाज के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किसी भी समाज के समग्र विकास की नींव है। जनपद पंचायत क्षेत्र में प्रत्येक गांव और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है।
उन्होंने समाज के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों को इस जनहितकारी पहल के लिए बधाई देते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में उपसरपंच घेवरचंद साहू, श्रीमती गैंदी बाई देव, भूषण सोम, दिलीप बोरघरिया, गोपी किशन देव, नागू देव सहित हल्बा समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने निर्माण कार्य के सफल एवं शीघ्र पूर्ण होने की शुभकामनाएं देते हुए समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

