धमतरी के 15 थाना-चौकी क्षेत्रों में पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश, पुलिस ने विद्यार्थियों और नागरिकों को किया जागरूक
उतम साहू,धमतरी, 22 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत धमतरी जिले में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले के 15 थाना एवं चौकी क्षेत्रों में स्कूल, महाविद्यालय, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।
अभियान के प्रथम सप्ताह में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के बदलते तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। 21 अगस्त को आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 2,160 से 2,245 विद्यार्थियों एवं नागरिकों की सहभागिता रही।
OTP, UPI PIN और फर्जी लिंक से रहें सावधान
पुलिस टीमों ने नागरिकों को समझाइश दी कि OTP, UPI PIN, CVV, पासवर्ड, बैंक खाता और ATM संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। फर्जी कस्टमर केयर, KYC अपडेट, फर्जी पुलिस अधिकारी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक एवं QR Code, सोशल मीडिया फ्रॉड, OTP फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड और फर्जी निवेश जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने की अपील की गई।
पुलिस ने कहा कि अनजान कॉल, मैसेज, लिंक अथवा सोशल मीडिया प्रोफाइल पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए ऐप या फाइल को डाउनलोड करने से पहले उसका सत्यापन अवश्य करें।
सोशल मीडिया सुरक्षा पर भी जोर
जागरूकता कार्यक्रमों में विद्यार्थियों एवं नागरिकों को सोशल मीडिया अकाउंट में मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने की सलाह दी गई। अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट, संदिग्ध प्रोफाइल तथा निजी फोटो, दस्तावेज और व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक, एडिटेड या संदिग्ध वीडियो एवं संदेशों को बिना सत्यापन के शेयर नहीं करने की अपील भी की, ताकि अफवाह और गलत सूचना के प्रसार को रोका जा सके।
साइबर सेल्फी अभियान से जुड़ने की अपील
“साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत चलाए जा रहे “साइबर सेल्फी अभियान” में भी धमतरी पुलिस नागरिकों एवं विद्यार्थियों को जोड़ रही है। पुलिस ने लोगों से साइबर जागरूकता सेल्फी फ्रेम के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने तथा अपने परिवार, मित्रों और कम से कम 5 से 10 लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की है।
15 थाना-चौकी क्षेत्रों में हुए कार्यक्रम
21 अगस्त को थाना अर्जुनी के डोमा स्कूल, थाना रुद्री के सांकरा एवं कसावाही, थाना कुरूद के आईटीआई नारी, थाना भखारा के डोमा स्कूल, थाना मगरलोड के मोंहदी एवं पठार स्कूल, चौकी बिरझर के कठोली, चौकी करेली बड़ी के करेलीबड़ी, चौकी करेली क्षेत्र के सलोनी, थाना अकलाडोंगरी, थाना नगरी के भाटागुड़ा, थाना सिहावा के घुरावंड, थाना दुगली, थाना मेचका तथा थाना बोराई क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था को तत्काल सूचना दें। पुलिस के अनुसार समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कराने और आवश्यक कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है।
धमतरी पुलिस की अपील: सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। OTP, UPI PIN, CVV और पासवर्ड साझा न करें, संदिग्ध लिंक व QR Code से बचें, अनजान ऐप या फाइल डाउनलोड न करें और सोशल मीडिया सामग्री को सत्यापन के बाद ही साझा करें।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से साइबर सेल्फी अभियान में शामिल होकर जागरूकता का संदेश आगे बढ़ाने की अपील की है। अभियान से जुड़ने के लिए cgpolice-cyberjaagrutiabhiyaan.com पर जाकर अथवा साइबर जागरूकता सेल्फी फ्रेम में दिए QR Code को स्कैन कर अभियान में भाग लिया जा सकता है।
धमतरी पुलिस का संदेश है— “एक जागरूक नागरिक, अनेक जागरूक परिवार; साइबर सुरक्षा की जिम्मेदारी हम सबकी।”

