गांव के बच्चों के हाथों में होगी भविष्य की तकनीक, मगरलोड में बनेगी अत्याधुनिक रोबोटिक्स एवं 3-डी प्रिंटिंग लैब
रोबोटिक्स वर्कशॉप से मिली नई दिशा, युवाओं की सहभागिता से शिक्षा विभाग कर रहा लैब का विकास
उत्तम साहू
धमतरी, 23 अगस्त 2026। ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक तकनीक, नवाचार एवं उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। शिक्षा विभाग द्वारा मगरलोड में अत्याधुनिक रोबोटिक्स लैब एवं रोबोटिक्स थ्री-डी प्रिंटिंग लैब विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य गांव के बच्चों को भविष्य की तकनीकों से परिचित कराने के साथ उन्हें प्रयोग और नवाचार के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
प्रस्तावित लैब में विद्यार्थी केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि रोबोटिक्स, थ्री-डी प्रिंटिंग, डिजाइन, प्रोग्रामिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और नवाचार जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक रूप से सीख सकेंगे। इससे बच्चों में तार्किक सोच, समस्या समाधान की क्षमता, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिलेगी।
रोबोटिक्स वर्कशॉप ने दिखाई नई राह
लैब की संकल्पना को स्थानीय युवाओं और विद्यार्थियों की रुचि एवं सहभागिता से आगे बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में मगरलोड में रोबोटिक्स वर्कशॉप आयोजित की गई, जिसमें युवाओं और विद्यार्थियों को रोबोटिक्स तकनीक की प्रारंभिक जानकारी, मॉडल निर्माण, प्रोग्रामिंग तथा विभिन्न तकनीकी प्रयोगों से परिचित कराया गया।
वर्कशॉप के दौरान बच्चों और युवाओं में तकनीक को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। उनकी जिज्ञासा, नए आइडिया और सीखने की ललक ने इस पहल को व्यापक स्वरूप देने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
रोबोटिक्स वर्कशॉप में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा भी पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए जा रहे मॉडल और उनके आइडिया को देखा तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और तकनीक के प्रति रुचि की सराहना करते हुए उन्हें नए प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
‘करके सीखने’ का मिलेगा अवसर
प्रस्तावित रोबोटिक्स एवं थ्री-डी प्रिंटिंग लैब विद्यार्थियों के लिए ‘करके सीखने’ (Learning by Doing) का प्रभावी मंच बनेगी। यहां विद्यार्थी अपनी कल्पनाओं को मॉडल और प्रोटोटाइप के रूप में विकसित कर सकेंगे। थ्री-डी प्रिंटिंग तकनीक के माध्यम से अपने डिजाइनों को वास्तविक स्वरूप देने का अवसर भी मिलेगा।
आगे चलकर स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित करने, नवाचार आधारित परियोजनाओं को प्रोत्साहित करने और इच्छुक युवाओं को स्टार्टअप एवं उद्यमिता की दिशा में मार्गदर्शन देने की संभावनाएं भी इस लैब से जुड़ी हैं।
ग्रामीण विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीक से जोड़ना लक्ष्य : कलेक्टर
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि मगरलोड में रोबोटिक्स और थ्री-डी प्रिंटिंग लैब की स्थापना का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को भविष्य की तकनीकों से परिचित कराना तथा उनकी रचनात्मक क्षमता को अवसर देना है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र का विद्यार्थी आधुनिक तकनीक को केवल देखे नहीं, बल्कि उसे समझे, प्रयोग करे और अपने विचारों को नवाचार में परिवर्तित करे।
उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं की सहभागिता से विकसित यह पहल शिक्षा को रोजगार, कौशल और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
नवाचार और युवा उद्यमिता को मिलेगी नई गति
मगरलोड में विकसित की जा रही यह लैब जिले में तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आने वाले समय में यह केंद्र विद्यार्थियों और युवाओं के लिए सीखने, प्रयोग करने और अपने नए विचारों को साकार करने का सशक्त माध्यम बन सकता है। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने का अवसर मिलेगा।



