कांवड़ यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय: प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए किया रुद्राभिषेक
रायपुर । पवित्र श्रावण मास के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर है। कांवड़ यात्रा हमारी आस्था, भक्ति और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ इसकी समृद्ध धार्मिक व सांस्कृतिक परंपराओं से भी है। राज्य सरकार प्रदेश के सभी प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश
श्री साय ने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ती है। ऐसे धार्मिक अनुष्ठानों में समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ शामिल होते हैं, जिससे आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और समरसता की भावना मजबूत होती है।
प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर श्रीमती मीनल चौबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

