साहनीखार एनीकट से 7वें दिन मिला दूसरा शव, गुलाल पहरिया की तलाश हुई खत्म; सिरसिदा के मासूम का अब भी सुराग नहीं

0

 


साहनीखार एनीकट से 7वें दिन मिला दूसरा शव, गुलाल पहरिया की तलाश हुई खत्म; सिरसिदा के मासूम का अब भी सुराग नहीं



उत्तम साहू,नगरी। लगातार सात दिनों तक चले सर्च अभियान के बाद नगरी विकासखंड के साहनीखार एनीकट से एक और लापता व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। फरसिया निवासी गुलाल पहरिया (35 वर्ष) पिता बैशाखु पहरिया का शव सोमवार को एनडीआरएफ और सिहावा पुलिस की संयुक्त टीम ने नदी से बाहर निकाला। शव मिलने के साथ ही परिजनों की उम्मीदें टूट गईं और गांव में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार गुलाल पहरिया अपने साथियों के साथ साहनीखार एनीकट में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह तेज बहाव में लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर सिहावा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने लगातार नदी में खोज अभियान चलाया।

सोमवार को अभियान के सातवें दिन टीम को सफलता मिली और नदी से गुलाल पहरिया का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गौरतलब है कि इसी साहनीखार एनीकट में कुछ दिन पहले घोटगांव निवासी धनराज तेता (48 वर्ष) का शव भी बरामद किया गया था, जो तेज बहाव में बह गए थे। अब एक ही स्थान से दूसरा शव मिलने के बाद क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल गहरा गया है।

वहीं दूसरी ओर, सिरसिदा गांव का मासूम बच्चा अब भी लापता है। लगातार तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है।

लगातार हो रही बारिश और नदियों-नालों में बढ़े जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से एनीकट, नदी और उफनते जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने तथा मछली पकड़ने जैसी गतिविधियों से परहेज करने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !