बंधाखार से शिवभक्तों का जत्था कांवड़ यात्रा पर रवाना, "एक पेड़ बोल बम के नाम" अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

0

 

बंधाखार से शिवभक्तों का जत्था कांवड़ यात्रा पर रवाना, "एक पेड़ बोल बम के नाम" अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


बंधाखार (कोरबा)। सावन माह के पावन अवसर पर ग्राम बंधाखार में बोल बम सेवा समिति के तत्वावधान में "एक पेड़ बोल बम के नाम" अभियान के तहत शिवभक्तों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। शिवभक्तों ने पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया और पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य एवं सरपंच प्रतिनिधि मनोज कुमार कंवर तथा सरपंच प्रतिनिधि तनु सिंह मरावी ने शिवभक्तों को गमछा पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा के सुरक्षित, सफल और मंगलमय होने की कामना की।

कांवड़ यात्रा पर रवाना होने वाले शिवभक्तों में राजेश श्रीवास, शंकर चौहान, मनीष मिश्रा, हरना देवांगन, प्रदीप राठौर, हेमलाल श्रीवास एवं अंजोर कुर्रे शामिल रहे। सभी श्रद्धालु "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ बाबा भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए उत्साहपूर्वक रवाना हुए।

इस अवसर पर डॉ. संतोष बघेल, इंद्रप्रकाश शर्मा, चीकू नायक, आशीष शुक्ला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने शिवभक्तों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी और भगवान भोलेनाथ से सभी की सुख-समृद्धि एवं कुशल यात्रा की प्रार्थना की।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि "एक पेड़ बोल बम के नाम" अभियान केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी प्रभावी संदेश है। उन्होंने प्रत्येक श्रद्धालु एवं नागरिक से एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

यह आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और पर्यावरण संरक्षण के समन्वय का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर क्षेत्रवासियों के लिए सकारात्मक संदेश छोड़ गया।

— ज्ञान शंकर तिवारी
बंधाखार, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !