धमतरी में चार अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत, कोटवार, दिव्यांग और युवक समेत चार परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
उत्तम साहू
धमतरी। जिले में रविवार को चार अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इनमें जहरीले करैत सांप के डसने से एक दिव्यांग, सड़क हादसे में घायल कोटवार, संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत मिले एक व्यक्ति तथा करंट की चपेट में आए युवक की जान चली गई। चारों शवों का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम परेवाडीह का है। यहां दिव्यांग विक्रम कुमार साहू अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले करैत सांप ने डस लिया। परिजन गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
दूसरी घटना भखारा थाना क्षेत्र के भेंडरा गांव की है। यहां टुकेश विश्वकर्मा शनिवार रात भोजन करने के बाद घर में सोया था। रविवार सुबह वह बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिला। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।
तीसरा मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के काशीपुरी गांव का है। गांव के कोटवार संतराम देवदास 27 जुलाई को मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुरी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल संतराम का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
वहीं चौथी घटना धमतरी शहर के लाल बगीचा वार्ड की है। यहां निवासी घनश्याम सेन मंदिर की छत पर चढ़कर साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान पेड़ की एक डाल ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे उन्हें जोरदार करंट लग गया। गंभीर हालत में उन्हें मसीही अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
चारों मामलों में पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जिले में एक ही दिन हुई इन चार अलग-अलग घटनाओं ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

