धमतरी को मिला दूसरा बॉक्स क्रिकेट मैदान, युवाओं को मिली आधुनिक खेल सुविधा

0

 

धमतरी को मिला दूसरा बॉक्स क्रिकेट मैदान, युवाओं को मिली आधुनिक खेल सुविधा

जालमपुर वार्ड में मंत्री ओपी चौधरी ने किया शुभारंभ, पिच पर बल्लेबाजी कर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह



उत्तम साहू,धमतरी, 2 अगस्त। धमतरी शहर को रविवार को दूसरा बॉक्स क्रिकेट मैदान मिल गया। जालमपुर वार्ड में नवनिर्मित इस आधुनिक क्रिकेट मैदान का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओपी चौधरी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने मैदान की पिच पर उतरकर बल्लेबाजी की और आकर्षक शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। वहीं महापौर रामू रोहरा ने गेंदबाजी की और बाद में स्वयं भी बल्लेबाजी करते हुए शानदार शॉट लगाए। समारोह में मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सभी का स्वागत किया।

गौरतलब है कि धमतरी का पहला बॉक्स क्रिकेट मैदान एकलव्य खेल परिसर में बनाया गया था, जबकि यह शहर का दूसरा बॉक्स क्रिकेट मैदान है, जो जालमपुर वार्ड में तैयार किया गया है।



इस अवसर पर मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल सड़कों और भवनों से नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति और युवाओं के विकास के अवसरों से भी होती है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का विकास करते हैं। राज्य सरकार प्रदेशभर में खेल अधोसंरचना के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधाएं मिल सकें और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, महापौर रामू रोहरा, जनप्रतिनिधि, पार्षद, खेल प्रेमी, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम मिलकर लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के लिए भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का वातावरण मिलेगा।

उद्घाटन के साथ ही जालमपुर वार्ड का यह नया बॉक्स क्रिकेट मैदान धमतरी के खिलाड़ियों और नागरिकों को समर्पित कर दिया गया। इससे शहर की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान और आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !