ईद मिलादुन्नबी की शोभायात्रा में दिखी कौमी एकता की खूबसूरत तस्वीर, नगरी में जनप्रतिनिधियों ने बरसाए फूल
नगरी। 26 अगस्त जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर नगरी शहर में रविवार को आपसी प्रेम, भाईचारे और कौमी एकता की शानदार मिसाल देखने को मिली। मुस्लिम समाज द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा का नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान पूरा माहौल उत्साह, सौहार्द और भाईचारे से सराबोर नजर आया।
पर्व को लेकर चूरियारा पारा की गलियों को आकर्षक विद्युत सजावट और स्वागत द्वारों से सजाया गया था। मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। जश्ने ईद मिलादुन्नबी की खुशी में निकली शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां लोगों ने गर्मजोशी से इसका स्वागत किया।
नगर पंचायत कार्यालय के सामने नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा सहित पार्षद मिक्की गुप्ता, शंकरदेव, नरेश पटेल, राजा पवार, चेलेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव तथा एल्डरमैन दुर्गा शंकर प्रजापति और गौरव तिवारी ने शोभायात्रा का फूल बरसाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर मुस्लिम समाज के सदर एवं पदाधिकारियों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। जनप्रतिनिधियों ने समाज के लोगों को जश्ने ईद मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं देते हुए नगर में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की परंपरा को और मजबूत करने का संदेश दिया।
‘मोहब्बत और भाईचारा ही नगरी की पहचान’
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारे से ही हमारा नगर मजबूत बनता है। नगरी की पहचान हमेशा से सामाजिक एकता और सौहार्द के लिए रही है। अलग-अलग धर्म और समुदाय के पर्वों में एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होना हमारी साझा संस्कृति और मजबूत सामाजिक रिश्तों को दर्शाता है।
शोभायात्रा के दौरान जनप्रतिनिधियों और मुस्लिम समाज के लोगों के बीच आत्मीयता का माहौल रहा। आयोजन ने नगरी में ‘त्योहार अलग हो सकते हैं, लेकिन खुशियां साझा हैं’ की भावना को जीवंत कर दिया।

