धमतरी पुलिस ने बैंकों में चलाया साइबर जागरूकता अभियान, नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय
उत्तम साहू
धमतरी, 26 अगस्त 2026। साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” के तहत धमतरी पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों में बैंक अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।
पुलिस टीमों ने 25 अगस्त को अर्जुनी क्षेत्र के ग्राम लोहरसी स्थित एचडीएफसी बैंक, कुरूद के बैंक ऑफ बड़ौदा भांठागांव, भखारा के जिला सहकारी बैंक कोर्रा, मगरलोड के बैंक ऑफ बड़ौदा, बिरेझर के बैंक ऑफ महाराष्ट्र जीजामगांव, करेली बड़ी के कृषि उपज मंडी सहकारी सोसायटी कुंडेल, नगरी के बैंक ऑफ बड़ौदा तथा सिहावा के कॉपरेटिव बैंक में पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
इस दौरान नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कस्टमर केयर, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी KYC अपडेट, संदिग्ध लिंक एवं QR कोड, OTP फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी और निवेश के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के प्रति सतर्क किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। साथ ही CYBERCRIME.GOV.IN के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने बताया कि ठगी के बाद जितनी जल्दी शिकायत की जाएगी, रकम को सुरक्षित कराने की संभावना उतनी ही बढ़ सकती है।
सेल्फी अभियान से जुड़ने की अपील
साइबर जागरूकता अभियान के तहत बैंकों में जागरूकता स्टैंडी और सेल्फी फ्रेम भी लगाए गए। नागरिकों को QR कोड अथवा लिंक के माध्यम से साइबर जागरूकता संदेश के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक सात सप्ताह तक चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को डिजिटल सुविधाओं का सुरक्षित इस्तेमाल करने और साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाने का है।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल संबंधित बैंक और पुलिस को सूचना दें।
“मैं जागरूक हूँ, आप भी जागरूक बनें—साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।”

