धमतरी की दिव्यांग बेटियों ने योगासन में रचा इतिहास
राज्य स्तरीय पैरा योगासन प्रतियोगिता में तीन पदक, राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए चयन
उत्तम साहू
धमतरी, 24 अगस्त 2026। हौसला मजबूत हो तो कोई भी चुनौती मंजिल की राह नहीं रोक सकती। धमतरी की तीन दिव्यांग बेटियों ने इसी जज्बे को साबित करते हुए पैरा योगासन के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन किया है। रायगढ़ के अग्रोहा धाम में 22 और 23 अगस्त को आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय पैरा योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में शासकीय श्रवण बाधितार्थ बालिका विद्यालय, धमतरी की प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक हासिल किए। उल्लेखनीय उपलब्धि यह रही कि पदक जीतने वाली तीनों बालिकाओं का चयन अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
प्रतियोगिता में विद्यालय की 20 श्रवण बाधित दिव्यांग बालिकाओं ने हिस्सा लिया। उनके साथ तीन शिक्षक, एक आया और एक भृत्य भी शामिल रहे।
किसी ने जीता सिल्वर, तो दो ने कांस्य पदक
विद्यालय की कु. दिव्या देवांगन, कक्षा 10वीं ने 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। उन्हें सिल्वर मेडल एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
वहीं कु. श्वेता लहरे, कक्षा 9वीं ने 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता। कक्षा 4वीं की कु. लता सलाम ने भी 17 वर्ष से कम आयु वर्ग में तृतीय स्थान हासिल करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
सांकेतिक भाषा बनी प्रशिक्षण की कड़ी
इन बेटियों की सफलता के पीछे नियमित अभ्यास और समर्पण के साथ विशेष प्रशिक्षण की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के श्री उमराव साहू ने विद्यालय के विशेष शिक्षकों के सहयोग से बालिकाओं को सांकेतिक भाषा के माध्यम से योगासन का प्रशिक्षण दिया। निरंतर अभ्यास और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन ने बालिकाओं के आत्मविश्वास को मजबूत किया, जिसका परिणाम राज्य स्तरीय मंच पर पदकों के रूप में सामने आया।
पदक से आगे बड़ी है उपलब्धि
इन बालिकाओं की सफलता महज प्रतियोगिता जीतने तक सीमित नहीं है। यह उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि उचित अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिलने पर विशेष आवश्यकता वाले बच्चे भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। योग के माध्यम से इन बालिकाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना को भी मजबूती मिली है।
कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं
तीनों बालिकाओं के राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन से शासकीय श्रवण बाधितार्थ बालिका विद्यालय और समाज कल्याण विभाग में खुशी का माहौल है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने सफल बालिकाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बालिकाओं, शिक्षकों और प्रशिक्षक को शुभकामनाएं दीं।
धमतरी की इन तीन बेटियों की उपलब्धि एक प्रेरक संदेश है—प्रतिभा को किसी सीमा की जरूरत नहीं होती, उसे सिर्फ अवसर और हौसले की जरूरत होती है। अब राष्ट्रीय मंच पर इनकी अगली उड़ान का इंतजार है।

