कर्णेश्वर धाम में सावन के अंतिम सोमवार को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
उत्तम साहू
नगरी-सिहावा। सावन महोत्सव के अंतिम सोमवार को प्रसिद्ध कर्णेश्वर धाम में आस्था और भक्ति का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही कर्णेश्वर महादेव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से कांवरियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पूरे धाम में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण शिवमय बना रहा।
सावन के अंतिम सोमवार होने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। उड़ीसा, बस्तर सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने कर्णेश्वर महादेव का विधि-विधान से पूजन-अभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर दूध, दही, शहद एवं गंगाजल अर्पित करने के साथ बेलपत्र, धतूरा और आक के फूल चढ़ाए। अनेक भक्तों ने विशेष रुद्राभिषेक कराया तथा परिवार की सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
महा रुद्राभिषेक के साथ हुआ सावन महोत्सव का समापन
सावन महोत्सव के समापन अवसर पर कर्णेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट की ओर से विधि-विधानपूर्वक महा रुद्राभिषेक कराया गया। भगवान कर्णेश्वर महादेव का अभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की गई। पूरे सावन महोत्सव के दौरान हजारों कांवरियों एवं श्रद्धालुओं ने कर्णेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
जनप्रतिनिधियों ने भी किए दर्शन
सावन महोत्सव के दौरान अनेक जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के नेताओं ने कर्णेश्वर महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक किया। इनमें सांसद भोजराज नाग, विधायक अम्बिका मरकाम, विधायक अमर अग्रवाल, पूर्व विधायक धनेंद्र साहू, विधायक नीलकंठ टेकाम, पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बेस सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
महोत्सव के दौरान धार्मिक वातावरण को और अधिक जीवंत बनाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों और मानस मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। प्रसिद्ध गायिका मिथलेश्वरी सेन, गायक मनेश्वर ध्रुव सहित विभिन्न मानस मंडलियों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु और कांवरिया भक्ति में झूमते नजर आए। भक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे धाम को भक्तिमय बना दिया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रही व्यवस्थाएं
पूरे सावन महोत्सव के दौरान कर्णेश्वर धाम में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद महोत्सव का आयोजन उत्साह और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।
मंदिर ट्रस्ट ने जताया आभार
कर्णेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विकल गुप्ता ने सावन महोत्सव को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, पुलिस, कलाकारों, सेवादारों, समिति के सदस्यों, स्थानीय नागरिकों, कांवरिया संघों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से सावन महोत्सव भव्य एवं सफल रूप से संपन्न हो सका। उन्होंने भगवान कर्णेश्वर महादेव से सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
महोत्सव को सफल बनाने में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष रवि दुबे, रवि ठाकुर, सचिव भरत निर्मलकर, कोषाध्यक्ष निकेश ठाकुर, सह सचिव मोहन पुजारी, रामभरोसे साहू, बंटी जैन, नागेंद्र शुक्ला, प्रेमलता नागवंशी, योगेश साहू, छबि ठाकुर, महेंद्र कौशल, डोमार मिश्रा, अनिरुद्ध साहू, दुर्गेश साहू, संतु साहू, कल्पनाथ पांडे, पीयूष यदु, गौतम साहू, अंश गौतम, प्रमेश निषाद सहित अन्य सदस्यों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



